सीतापुर जनपद के सिधौली एसडीएम कार्यालय में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पेशकार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार आरोपी पेशकार लंबे समय से घूसखोरी की शिकायतों के घेरे में था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
जैसे ही आरोपी ने एक लाख रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से मौके पर मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फिलहाल एंटी करप्शन टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।