गोवर्धन के पवित्र राधाकुंड में स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गिरिराज जी की परिक्रमा करने आए आगरा निवासी युवक पवन की कुंड में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, आगरा जनपद के गांव नगर की घड़ी निवासी पवन अपने दो दोस्तों के साथ गुरुवार को गोवर्धन धाम गिरिराज जी की परिक्रमा करने आया था। परिक्रमा करते हुए देर रात करीब एक बजे तीनों मित्र राधाकुंड पहुंचे। धार्मिक आस्था के चलते तीनों कुंड में स्नान करने लगे। इसी दौरान पवन का पैर अचानक गहरे पानी में चला गया और वह संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगा।
अपने दोस्त को डूबता देख साथ आए युवकों ने मदद के लिए शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश शुरू कराई गई।
काफी प्रयासों के बाद पवन को कुंड से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पानी में अधिक समय तक रहने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि पवन अपने दोस्तों के साथ श्रद्धा और उत्साह के साथ परिक्रमा करने निकला था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा उसकी आखिरी यात्रा बन जाएगी। परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर धार्मिक स्थलों पर स्नान के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर करता है।