धर्मनगरी वृंदावन में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब और सिगरेट लाने से मना करने पर दबंगों द्वारा फायरिंग किए जाने का आरोप लगा है। घटना के विरोध में शुक्रवार को पीड़ित परिवार के साथ भारी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
समाजसेवी माधव प्रताप अनुरागी ने बताया कि वृंदावन के राधा निवास क्षेत्र स्थित वाल्मीकि बस्ती निवासी महावीर के नाबालिग बेटे प्रीत से 15 जून को इलाके के नामजद व्यक्ति ऋषभ खान ने जबरन शराब और सिगरेट लाने को कहा था। आरोप है कि जब बच्चे ने ऐसा करने से इनकार कर दिया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अगले दिन 16 जून की रात ऋषभ खान अपने कई साथियों के साथ वाल्मीकि बस्ती में पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने करीब 8 से 10 राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
वाल्मीकि समाज का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। इसी नाराजगी के चलते बड़ी संख्या में समाज के लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे उन्हें लगातार भय बना हुआ है। वहीं, समाज के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
यह आरोप पीड़ित पक्ष और समाज के प्रतिनिधियों द्वारा लगाए गए हैं। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और आधिकारिक जांच के बाद ही तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।