बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान गौकशों से मुठभेड़ का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई में एक शातिर गौकश घायल हो गया, जबकि तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर जहांगीराबाद पुलिस और स्वाट टीम ने नवीनगर जंगल में घेराबंदी की थी। इसी दौरान गौकशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ में गांव बदरखां निवासी आश्कीन घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही काबू में ले लिया। आश्कीन पर आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं इस कार्रवाई के दौरान तीन अन्य गौकश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने मौके से एक जिंदा गौवंश, अवैध असलाह, कारतूस और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं। पूरे मामले में आगे की जांच जारी है।