आगरा में एक युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पत्नी, साढ़ू और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार थाना डौकी क्षेत्र के चंदनगढ़ी निवासी भूरी सिंह ने बताया कि उनके पुत्र अनिल का विवाह करीब 12 वर्ष पूर्व अछनेरा निवासी ज्योति देवी से हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही पत्नी और उसका मायका पक्ष अनिल तथा उसके परिवार को प्रताड़ित करता था। परिजनों का यह भी कहना है कि मृतक की मां के साथ भी कई बार मारपीट की गई थी, जिसके वीडियो उनके पास मौजूद हैं।
परिजनों के मुताबिक करीब तीन महीने पहले पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी ने अपने मायके वालों को बुला लिया था, जो अनिल को अपने साथ ले गए। आरोप है कि इसके बाद उसे रुनकता क्षेत्र में उसके साढ़ू के साथ रखा गया। मृतक के पिता का कहना है कि 16 जून की सुबह अनिल ने फोन कर बताया था कि पत्नी, ससुर, सास, साले और साढ़ू ने उसके साथ मारपीट की है।
कुछ समय बाद परिवार को सूचना मिली कि अनिल का शव रुनकता रेलवे ट्रैक पर पड़ा हुआ है। शव की हालत देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और आरोप लगाया कि पहले अनिल की हत्या की गई, फिर सबूत मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।