मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के मौरा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान प्रताप सिंह के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि उनकी भतीजी को 12 जून की रात भगाकर ले जाने के मामले में नामजद आरोपी और उसके परिजन लगातार उन्हें धमकियां दे रहे थे। परिजनों के अनुसार प्रताप सिंह मामले में कार्रवाई के लिए लगातार पुलिस के चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेने के बाद भतीजी की बरामदगी के बिना ही छोड़ दिया था।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात प्रताप सिंह अपने घर के बाहर टीनशेड में सोए हुए थे, लेकिन सुबह उनका शव गांव के पास एक बबूल के पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम गृह पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि भतीजी को भगाने के मामले में नामजद आरोपियों ने ही प्रताप सिंह की हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सभी पहलुओं की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।