Please wait we are preparing awesome things...

Wednesday, 17 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा जंक्शन पर अवैध वेंडरों पर बड़ी कार्रवाई! 15 दिन में 288 लोगों पर दर्ज हुए मुकदमे

मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में बिना वैध अनुमति के खाद्य सामग्री बेचने वाले अवैध वेंडरों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ ने बड़ा अभियान चलाया है। 1 जून से 15 जून तक चले विशेष अभियान के दौरान रेलवे अधिनियम की धारा 144 के तहत कुल 288 अवैध वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमे दर्ज किए गए।

रेलवे प्रशासन के अनुसार अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले वेंडर यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं के लिए खतरा बन सकते हैं। कई बार बिना गुणवत्ता जांच के खाद्य पदार्थ बेचने और स्टेशन परिसर में अव्यवस्था फैलाने की शिकायतें भी सामने आती हैं। इसी को देखते हुए आरपीएफ द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचते पाए गए लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

वहीं आरपीएफ ने रेल यात्रियों से अपील की है कि यदि यात्रा के दौरान कोई व्यक्ति अनधिकृत रूप से खाद्य सामग्री बेचता हुआ, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल या रेलवे नियमों का उल्लंघन करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 या निकटतम RPF/GRP अधिकारी को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Previous News

रफ्तार का कहर: ट्रक ने मजदूर को कुचला, सड़क पर बिखर गया बच्चों का राशन, परिवार का टूटा सहारा

Next News

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी का बड़ा बयान, बोले– दोषियों की संपत्ति जब्त कर मंदिर को सौंपो