मथुरा। विश्राम घाट स्थित राम भवन में मंगलवार को धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल के बीच भव्य सुंदरकांड पाठ एवं पूजन-अर्चन के साथ "नारी शक्ति स्वरूपा संगठन" का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, कानूनी और आत्मनिर्भरता से जुड़े मुद्दों पर सहयोग प्रदान करना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीओ आशना चौधरी एवं जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने संगठन की नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए इस प्रकार के संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने संगठन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।
संगठन की अध्यक्ष ज्योति चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं चित्र भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। इस अवसर पर संगठन की महामंत्री गुंजन शर्मा ने संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संगठन महिलाओं की समस्याओं के समाधान, उन्हें कानूनी सलाह, सामाजिक सहायता और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों तक पहुंचाने और निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।
वहीं संगठन की उपाध्यक्ष राधिका रसिक ने कहा कि संस्था बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य, जागरूकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ाने के लिए संगठन विभिन्न जनजागरूकता अभियान भी चलाएगा।
कार्यक्रम के दौरान सुंदरकांड पाठ और धार्मिक अनुष्ठान ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के जयकारों के साथ संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजू यादव, देवेंद्र शर्मा, रामगोपाल शर्मा सहित कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।