मथुरा। पुरुषोत्तम (अधिक) मास के समापन अवसर पर मंगलवार देर शाम कार्ष्णि गुरु शरणानंद महाराज के नेतृत्व में शहर में भव्य डोल यात्रा निकाली गई। यह डोल यात्रा रंगेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर होली गेट, भरतपुर गेट, घीया मंडी, चौक बाजार, डोरी बाजार, श्री द्वारकाधीश मंदिर, छत्ता बाजार होते हुए पुनः होली गेट के रास्ते रंगेश्वर मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
डोल यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हरिनाम संकीर्तन मंडल द्वारा मृदंग, झांझ और मंजीरों की मधुर धुन पर भजन-कीर्तन किया गया, जिस पर श्रद्धालु नाचते-गाते और भगवान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते नजर आए। पूरे मार्ग में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा डोल यात्रा का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और लोगों ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए रमण रेती आश्रम से आए संत-महंतों ने बताया कि गुरु कार्ष्णि महाराज के नेतृत्व में यह डोल यात्रा प्रतिवर्ष निकाली जाती है, लेकिन पुरुषोत्तम (अधिक) मास के समापन के अवसर पर इसका विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं।