Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 16 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
तीन बच्चों की मां की रहस्यमय मौत, ससुराल में मिला संदिग्ध शव

मायका पक्ष ने जताई हत्या की आशंका, मौत के कारण जानने को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

फरह। थाना फरह क्षेत्र के एक गांव में 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। घटना के बाद मृतका के पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य मौके से फरार बताए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, वे मृतका के दो मासूम बच्चों को भी अपने साथ ले गए हैं। मायका पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार घटना का खुलासा उस समय हुआ जब पड़ोस में रहने वाली एक युवती की भैंस खूंटे से खुलकर भाग गई। युवती भैंस का पीछा करते हुए विनीता के घर में पहुंची। वहां का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। विनीता बेड पर बेसुध अवस्था में पड़ी थी। युवती ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद युवती ने शोर मचाया, जिस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

बताया गया है कि विनीता की शादी वर्ष 2012 में फरह निवासी सूरजपाल के साथ हुई थी। शादी के बाद उसके तीन बच्चे हुए। इनमें से एक बच्चा फिलहाल अपने ननिहाल में रह रहा था, जबकि दो बच्चे अपनी मां के साथ ससुराल में थे। घटना के बाद पति सूरजपाल और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य दोनों बच्चों को साथ लेकर फरार हो गए, जिससे मायके पक्ष का संदेह और गहरा गया है।

महिला का शव मिलने और ससुराल पक्ष के लोगों के फरार होने की सूचना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और फरार परिजनों की तलाश के प्रयास भी शुरू कर दिए गए हैं।

Previous News

ब्रज प्रेस क्लब की विशाल पत्रकार गोष्ठी 19 जून को, कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय होंगे शामिल

Next News

मुरादाबाद में सनसनी! 10 मिनट के अंदर दो युवकों को मारी गोली, गांव में तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात