Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 14 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
देशी शराब ठेके के विरोध में महिलाओं का हंगामा, सड़क जाम कर जताया आक्रोश

हाथरस। हाथरस शहर के आगरा रोड स्थित देशी शराब के ठेके पर रविवार को महिलाओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। छोटे नवीपुर क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं ठेके पर पहुंचीं और उसे बंद कराने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप था कि शराब के ठेके के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। उनका कहना था कि ठेके पर आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों से स्थानीय निवासियों, खासकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

महिलाओं के अचानक ठेके परिसर में पहुंचने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख कई लोग मौके से चले गए। सूचना मिलने पर इलाका पुलिस और महिला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने महिलाओं को ठेके से बाहर निकाला, लेकिन इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आगरा रोड पर जाम लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क पर यातायात को सुचारु रूप से बहाल कराया। अधिकारियों ने महिलाओं की शिकायतों को संबंधित विभाग तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और व्यापक रूप देंगी।

Previous News

नदी में नहाने गए दो बच्चे डूबे, बचाने गया किशोर भी लापता; गांव में मचा कोहराम

Next News

एसी में गैस भरते समय फटा कम्प्रेसर, धमाके में युवक की दर्दनाक मौत