Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 14 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
एसी रिपेयरिंग दुकान में भीषण आग, धमाकों से दहशत; लाखों का सामान जलकर राख

कोसीकलां। पुरानी जीटी रोड स्थित इंडियन बैंक के समीप रविवार तड़के एक एसी रिपेयरिंग दुकान में लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और अंदर रखे उपकरणों के फटने से लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई देने लगीं। सूचना पर पहुंची अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार दिल्ली गेट निवासी मोहम्मद आरिफ की पुरानी जीटी रोड पर "एवन एसी रिपेयरिंग सर्विस" नाम से दुकान है। रविवार सुबह करीब 5 बजे राहगीरों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगने के कुछ देर बाद दुकान के अंदर से तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकान मालिक मोहम्मद आरिफ को सूचना दी। मौके पर पहुंचे आरिफ ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अग्निशमन विभाग और पुलिस वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।

आग की चपेट में आने से दुकान में रखा एसी, फ्रिज और वाशिंग मशीन रिपेयरिंग का सामान, इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स, कंप्रेसर, गैस सिलिंडर और अन्य महंगे उपकरण पूरी तरह जलकर राख हो गए। दुकान मालिक ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते दमकल विभाग मौके पर नहीं पहुंचता तो आग आसपास की अन्य दुकानों और भवनों तक भी फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।

Previous News

विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल का रक्तदान शिविर, 50 लोगों ने किया रक्तदान

Next News

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे, उपलब्धियां गिनाने पहुंचे भाजपा नेता; भूतेश्वर अखाड़े के पहलवानों ने उठाई विकास की मांग