उत्तराखंड के देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में एक हिंदू युवक की हत्या के बाद माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया है। बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में युवक की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।
प्रदर्शन के दौरान आरोपी के घर में आग लगा दी गई और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें लाठी-डंडों से लैस लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत खेत में पानी लगाने को लेकर हुई कहासुनी से हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। इस घटना में एक युवक की मौत हुई जबकि तीन अन्य लोग घायल बताए गए हैं।
युवक की मौत के बाद बड़ी संख्या में लोग और विभिन्न संगठन सड़क पर उतर आए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम किया गया और कड़ी कार्रवाई की मांग उठी। प्रशासन ने मामले में कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
तनावपूर्ण हालात के बीच प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई भी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इलाके में शांति बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।