Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 07 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
अमेरिका में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या, पिज्जा डिलीवरी के बहाने बुलाकर रची गई साजिश!

अमेरिका के पेनसिल्वेनिया राज्य के फिलाडेल्फिया शहर में एक भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अंशुल कुंचा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से तेलंगाना का रहने वाला था। अंशुल एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में नौकरी करने के साथ-साथ अतिरिक्त आय के लिए सप्ताहांत में पिज्जा डिलीवरी का काम भी करता था।

जानकारी के अनुसार अंशुल को देर रात एक पिज्जा डिलीवरी का ऑर्डर मिला। जब वह ऑर्डर लेकर बताए गए पते पर पहुंचा तो पता चला कि वह मकान खाली था। डिलीवरी पूरी करने के कुछ ही क्षण बाद अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर में गोली मार दी। पुलिस को घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और मामले की जांच जारी है।

परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य वारदात नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश थी। अंशुल की बहन ने दावा किया कि फर्जी पिज्जा ऑर्डर के जरिए उसे सुनसान स्थान पर बुलाया गया और मौत के जाल में फंसाया गया। परिवार का कहना है कि हमलावरों ने कोई लूटपाट नहीं की, जिससे हत्या के पीछे किसी अन्य मकसद की आशंका जताई जा रही है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार को हरसंभव सहायता देने की बात कही है। दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और अंशुल के पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में मदद कर रहा है।

Previous News

पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार, 16 केंद्रों पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम

Next News

खान सर की कोचिंग पर लटक सकता है ताला! फायर सेफ्टी में बड़ी खामियां मिलने के बाद 15 दिन का नोटिस