Please wait we are preparing awesome things...

Friday, 05 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
जीआरपी-आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई! चोरी के 6 मोबाइल के साथ तीन शातिर चोर गिरफ्तार

मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सक्रिय चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक जीआरपी ललित भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे परिसरों में अपराध और आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए समय-समय पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाए जाते हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जीआरपी और आरपीएफ की टीम द्वारा मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर विशेष अभियान चलाया गया।

चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-8 के आगरा छोर पर तीन युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की और थाने लाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के 6 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनके संबंध में वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिलशाद पुत्र मोहम्मद सफी निवासी देवनगर, थाना कोतवाली मथुरा, रिंकू पुत्र प्रीतम सिंह निवासी सिकंदरा, आगरा तथा शेखर पुत्र सुंदर लाल निवासी जनपद मैनपुरी के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर सो रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। मौका मिलते ही उनका मोबाइल, बैग और अन्य सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं तथा वे कई बार जेल भी जा चुके हैं।

जीआरपी ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का संबंध किसी बड़े चोरी गिरोह से तो नहीं है।

Previous News

विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर निगम का हरित संकल्प, महापौर और नगर आयुक्त ने किया वृक्षारोपण

Next News

बिजली संकट पर AAP का हल्लाबोल, बोली- जनता बिजली मांगेगी तो मंत्री कहेंगे 'जय श्रीराम'