आगरा में जिला जेल के अंदर एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। जानकारी के मुताबिक, बंदी ने कंबल की किनारी से फंदा तैयार किया और जेल के फार्मासिस्ट के कमरे में यह कदम उठाया। इस घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान हरीपर्वत थाना क्षेत्र के वजीरपुरा निवासी मुस्तकीम के रूप में हुई है। वहीं, प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने के बाद जेल वार्डन विश्वदीप चौहान को निलंबित कर दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और मृतक के परिजनों ने भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं।