मथुरा की पुष्पांजलि उपवन कॉलोनी में दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की और युवक को रायफल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
पीड़ित हरिओम की तहरीर पर थाना हाईवे पुलिस ने देवेंद्र समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित का आरोप है कि देवेंद्र पहले उनके घर के बाहर जबरन गाड़ी खड़ी कर गया था। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि दो दिन बाद देवेंद्र अपने 6-7 साथियों के साथ दोबारा पहुंचा और घर में घुसकर विवेक और उनकी गर्भवती पत्नी पारुल के साथ मारपीट की। घटना के दौरान जमकर हंगामा हुआ और परिवार में दहशत फैल गई।
इसी बीच मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक को डराने के लिए उस पर रायफल तानी जाती दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी है और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
फिलहाल हाईवे थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि वायरल वीडियो और आरोपों के आधार पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है