Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 02 Jun 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
रफ्तार ने उजाड़ दिए दो घर! अज्ञात वाहन की टक्कर में मामा-भांजे की दर्दनाक मौत

मथुरा के कोसीकलां क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मामा और भांजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, कोसीकलां निवासी अमर सिंह, जो पेशे से हलवाई थे, अपने दो भांजों के साथ बाइक से ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। रनवारी गांव के पास पहुंचते ही सामने से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और वाहन उन्हें रौंदते हुए मौके से फरार हो गया।

हादसे में अमर सिंह और उनके भांजे विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

परिजनों के अनुसार मृतक दोनों अपने-अपने परिवारों के मुख्य सहारा थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया और पोस्टमार्टम गृह पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।

फिलहाल कोसीकलां पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Previous News

होटल के कमरे में खुला राज, फिर सड़क पर भिड़ीं पत्नी और प्रेमिका, देखते रह गए लोग

Next News

“माफिया और मच्छर दोनों हटाए”: वाराणसी में सीएम योगी का विपक्ष पर तीखा हमला