मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के महोली गांव से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के एक परिवार ने दबंग भूमाफियाओं पर लाखों रुपये की रंगदारी मांगने, घर में घुसकर मारपीट करने और महिलाओं के गहने लूटने का आरोप लगाया है। पीड़ित श्यामवीर के मुताबिक गांव के ही नामजद आरोपी राधे, उसकी पत्नी सुधा और आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद लोग अचानक उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया।
आरोप है कि दबंगों ने श्यामवीर को बेरहमी से पीटा। जब उन्हें बचाने उनकी पत्नी अंजलि और बुजुर्ग मां आगे आईं तो आरोपियों ने महिलाओं के साथ भी मारपीट की। जाते-जाते बदमाश पीड़ित की मां के गले से सोने की चेन और पत्नी अंजलि का मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए। घटना के दौरान पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
पीड़ित ने थाना हाईवे पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। अब सवाल यह है कि पुलिस इन दबंगों पर कब तक कार्रवाई करती है।