Please wait we are preparing awesome things...

Tuesday, 26 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
35 लाख के फुहारे बने शोपीस! भीषण गर्मी में रेलवे स्टेशन पर यात्री बेहाल

धार्मिक नगरी मथुरा का रेलवे जंक्शन इन दिनों भीषण गर्मी और अव्यवस्थाओं के चलते यात्रियों की परेशानी का बड़ा कारण बना हुआ है। अधिक मास के चलते देशभर से हजारों श्रद्धालु ब्रज में दर्शन और परिक्रमा के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन मथुरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को राहत देने के लिए लगाए गए लाखों रुपये के फुहारे अब बंद पड़े हैं।

रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से प्लेटफार्म नंबर-1 पर करीब 35 लाख रुपये की लागत से आधुनिक पानी के फुहारे लगाए गए थे, ताकि प्लेटफार्म पर बैठने वाले यात्रियों को ठंडी फुहारों के साथ राहत मिल सके। लेकिन अब यह पूरी व्यवस्था सिर्फ शोपीस बनकर रह गई है।

आसमान से बरस रही आग और बढ़ते तापमान के बीच स्टेशन पर यात्रियों का हाल बेहाल है। प्लेटफार्मों पर लगे पंखों से भी गर्म हवा निकल रही है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे गर्मी से ज्यादा परेशान दिखाई दे रहे हैं।

इस मामले में जब रेलवे अधिकारियों से सवाल किया गया तो उन्होंने फुहारे बंद होने के पीछे खारे पानी को वजह बताया। अधिकारियों के मुताबिक खारा पानी होने से फुहारों की पाइपलाइन जाम हो गई है, जिसके चलते सिस्टम काम नहीं कर पा रहा।

हालांकि यात्रियों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद यदि व्यवस्थाएं समय पर चालू नहीं रह पा रही हैं, तो यह सरकारी धन की बर्बादी है। लोगों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द फुहारों को दुरुस्त कराया जाए ताकि भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत मिल सके।

 
Previous News

दिनदहाड़े गनपॉइंट लूट का खुलासा, हरिद्वार भागने से पहले 4 बदमाश गिरफ्तार

Next News

हरियाणा की पंचायत टीम ने देखा अडींग मॉडल, डिजिटल लाइब्रेरी से स्वच्छता व्यवस्था तक की सराहना