मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित वीआईपी कॉलोनी राधापुरम स्टेट में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान का भारी-भरकम छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आकर दो मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार राधापुरम स्टेट निवासी बांके बिहारी के मकान में पिछले करीब सवा महीने से निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे मजदूर छज्जे पर काम कर रहे थे, तभी अचानक पूरा छज्जा भरभराकर नीचे गिर गया।
हादसे में देवीपुर निवासी ताराचंद और उनका साथी मिथिलेश उर्फ पंकज मलबे में दब गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक ताराचंद की मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल मिथिलेश को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद मृतक मजदूर के परिवार में कोहराम मच गया है।