उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच अब मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके असर से कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस बदलाव से लोगों को लंबे समय से जारी भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 26 मई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और धूल भरी तेज आंधी चल सकती है। कुछ जिलों में हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज जैसे जिलों में अत्यधिक लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि लखनऊ, आगरा, वाराणसी, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई क्षेत्रों में गर्मी का असर बेहद तीव्र बना हुआ है।
28 मई के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कई जगह ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यह दौर 31 मई तक जारी रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलेगी।