मथुरा के जमुनापार थाना क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 8 की छात्रा से कथित छेड़छाड़ का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ता जा रहा है। घटना के 12 दिन बाद भी आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज न होने पर बहुजन समाज पार्टी ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
बसपा जिला अध्यक्ष जितेंद्र कर्दम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान बसपा नेताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को जमकर घेरा। जिला अध्यक्ष जितेंद्र कर्दम ने हाल ही में हुए नरहौली बारात पथराव कांड का जिक्र करते हुए कहा कि दलित परिवार की बेटियों की बारात पर हमला बेहद निंदनीय घटना है।
वहीं बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष नरेश सिंह ने राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता कुंवर नरेंद्र सिंह की बयानबाजी पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मामले को बेवजह तूल देकर समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर रहे हैं।
बसपा नेताओं ने आरएलडी नेतृत्व से मांग की कि भड़काऊ बयान देने वाले नेता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से तत्काल बर्खास्त किया जाए।
फिलहाल छात्रा से छेड़छाड़ और नरहौली कांड को लेकर जिले में राजनीतिक माहौल गरमा गया है, जबकि पुलिस दोनों मामलों में जांच की बात कह रही है।