हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम नरोईया में बाइक को लेकर दो सगे भाइयों में हुए विवाद में बाइक के साथ साथ एक भाई भी जिंदा जल गया उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। ग्राम नरोईया के रहने वाले दो भाई शेरू और निखिल के बीच ये विवाद हुआ
दोनों मिलकर गांव के ही चौराहे पर परचून की दुकान चलाते थे। उसी दुकान पर बोतलों में पेट्रोल भी विकता है। मृतक के पिता गंगाराम तीर्थ यात्रा पर बस लेकर पूर्णागिरी गए हुए है। अन्य बीच वाले दो भाई साजन और विकास बंगलौर में रहकर मजदूरी करते हैं। दरअसल शुक्रवार की शाम 4 बजे छोटा भाई निखिल दुकान पर बैठा था। तभी नशे में धुत बड़ा भाई शेरू गांव वाले घर से बाइक लेकर दुकान पर आया और बाइक से पुवायां जाने को कहने लगा।
भाई को नशे में धुत देख छोटे भाई ने बाइक ले जाने से मना किया। कहा सुनी के बाद भी जब छोटे भाई ने बाइक ले जाने नहीं दी तो बड़े भाई ने अपनी ही दुकान का पेट्रोल उठा बाइक पर छिड़क कर उसमें आग लगा दी बाइक धू धू कर जलने लगी। छोटा भाई बाल्टी लेकर आग बुझाने लगा। बड़े भाई ने आग बुझाने से रोका। तो छोटे भाई ने बाल्टी बड़े भाई के सिर पर मार दी। जिसके बाद स्वयं बाल्टी छोड़कर दुकान से दो बोतल पेट्रोल लाकर बाइक के पास आकर अपने ऊपर छिड़क लिया।
जिससे वह वहीं पर जिंदा जल गया। सूचना के आधा घंटा बाद पहुंची पुलिस और 45 मिनट बाद पहुंची एंबूलेंस से जिंदा जले 18 वर्षीय निखिल को सीएचसी भरावन पहुंचाया । जहां पर चिकित्सकों ने निखिल को मृत घोषित कर दिया।