Please wait we are preparing awesome things...

Sunday, 24 May 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
जाम से कराह उठा वृंदावन, सड़कों पर उतरे लोग, ई-रिक्शा व्यवस्था के खिलाफ विशाल जनपरिक्रमा

धर्मनगरी वृंदावन में बढ़ते जाम और अव्यवस्थित यातायात के विरोध में रविवार को विशाल जनपरिक्रमा निकाली गई। वृंदावन सिविल सोसाइटी के आह्वान पर “एक परिक्रमा प्रशासन के नाम” अभियान के तहत आयोजित इस जनआंदोलन में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

श्रद्धालुओं और ब्रजवासियों ने “हरे कृष्णा हरे राम, जाम मुक्त वृंदावन धाम” और “एक ही नारा, एक ही काम — जाम मुक्त वृंदावन धाम” जैसे गगनभेदी नारों के साथ पंचकोसीय परिक्रमा लगाई। लोगों के हाथों में “नहीं चाहिए सड़कों पर ई-रिक्शा” और “जाम के झाम से हमें बचाओ” जैसी तख्तियां दिखाई दीं।

परिक्रमा में शामिल व्यापारिक, सामाजिक, धार्मिक और समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि वृंदावन की संकरी गलियों और मुख्य मार्गों पर अनियंत्रित ई-रिक्शा संचालन के कारण आए दिन भीषण जाम लग रहा है। इससे स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और आपातकालीन सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों का कहना था कि वृंदावन की पहचान उसकी आध्यात्मिकता और शांत वातावरण से है, लेकिन अब जाम और अव्यवस्था ने लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया है। महिलाओं और बुजुर्गों ने कहा कि रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चों और वृद्धजनों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।

वक्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि ई-रिक्शाओं की संख्या नियंत्रित करने के लिए ठोस नीति बनाई जाए और परिक्रमा मार्गों पर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू की जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Previous News

करंट लगते ही पुजारी का फूटा गुस्सा, काट दी बिजली की केबलें, भीषण गर्मी में लोगों का हंगामा

Next News

रेलवे ट्रैक पर मिली युवक की निर्वस्त्र लाश, चोटों के निशान देख हत्या की आशंका