ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के रोही गांव में 15 वर्षीय किशोर गोपाल का शव एक बंद पड़े मकान से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गोपाल कई दिनों से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस और परिवार उसकी तलाश में जुटे थे।
इसी बीच गांव के एक बंद मकान में शव होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दरवाजा खोलने पर शव गोपाल का निकला। किशोर के शरीर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शव को मकान में छिपाया गया।
एडिशनल डीसीपी संतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।