मथुरा में 25 मई से शुरू हो रहे नौतपा को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। सूर्य देव के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही नौतपा की शुरुआत होगी, जिसके चलते ब्रज मंडल में भीषण गर्मी और लू का सबसे खतरनाक दौर देखने को मिल सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि इस दौरान चलने वाली गर्म हवाएं और अत्यधिक तापमान शरीर के लिए बेहद घातक साबित हो सकते हैं। जरा सी लापरवाही सीधे हीट स्ट्रोक का कारण बन सकती है।
सीएमओ ने सलाह दी है कि दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक बहुत जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले के सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट कर दिया गया है। अस्पतालों में पंखा और कूलर युक्त विशेष हीट स्ट्रोक वार्ड तैयार किए गए हैं। साथ ही ओआरएस और जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक भी उपलब्ध करा दिया गया है।
सीएमओ ने लोगों से लगातार पानी, छाछ, लस्सी और ओआरएस का सेवन करने की सलाह दी है ताकि शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी न हो। बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर को टोपी या अंगोछे से ढकने और धूप का चश्मा लगाने की भी अपील की गई है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, चक्कर, उल्टी, सिरदर्द या शरीर में ऐंठन जैसी समस्या हो तो इसे हीट स्ट्रोक के लक्षण मानते हुए तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार कराना चाहिए।