सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए सटायर पेज ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट भारत में बंद किए जाने के बाद सियासी विवाद शुरू हो गया है। इस कार्रवाई पर विपक्षी नेताओं ने केंद्र सरकार पर अभिव्यक्ति की आजादी दबाने का आरोप लगाया है।
तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने अकाउंट ब्लॉक किए जाने पर नाराजगी जताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र नहीं बल्कि “फासीवाद” है। महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सरकार अब देश के युवाओं की ऑनलाइन आवाज से भी डरने लगी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने इस अकाउंट को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताएं जताई थीं। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने आईटी एक्ट की धारा 69A के तहत X को अकाउंट ब्लॉक करने का निर्देश दिया।
आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने भी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “जब लड़ाई मगरमच्छ और कॉकरोच के बीच हो, तो मैं गर्व से कॉकरोच जनता पार्टी के साथ खड़ा हूं।”
दरअसल ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का यह सटायर पेज उस विवाद के बाद चर्चा में आया था, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की कथित टिप्पणियों को लेकर बहस छिड़ गई थी। सुनवाई के दौरान “कॉकरोच” और “परजीवी” जैसे शब्दों के इस्तेमाल की खबरें सामने आई थीं। हालांकि बाद में मुख्य न्यायाधीश ने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी फर्जी डिग्री लेकर पेशे में आने वाले लोगों के संदर्भ में थी।
कुछ ही दिनों में यह अकाउंट सोशल मीडिया पर बेहद लोकप्रिय हो गया था और इसके 2 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए थे। अकाउंट बंद होने के तुरंत बाद “Cockroach Is Back” नाम से नया अकाउंट भी सामने आ गया, जिसने तेजी से फॉलोअर्स जुटाने शुरू कर दिए।
हालांकि X पर रोक के बावजूद इस समूह का इंस्टाग्राम पेज अभी भी सक्रिय है, जहां इसके करोड़ों फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।