नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र के ककराला गांव स्थित डूब क्षेत्र में खुले मैदान में पड़े कबाड़ में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। तेज गर्मी और प्लास्टिक, टायर जैसी ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन कचरे में बार-बार आग भड़कने की वजह से काफी देर तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रखना पड़ा। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।