मथुरा में एचडीबी फाइनेंस कंपनी में चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां कंपनी के सीनियर सेल्स ऑफिसर पर मृत लोगों के नाम पर फर्जी लोन पास कर करीब 60 लाख रुपये के गबन का आरोप लगा है। आरोपी ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, जन्मतिथि और फोटो में हेरफेर कर कई लोगों के नाम पर लाखों रुपये का ऋण स्वीकृत कराया और रकम हड़प ली।
मामले का खुलासा तब हुआ जब कंपनी की रिकवरी टीम बकाया किस्तों की वसूली के लिए ग्राहकों के घर पहुंची। जांच में पता चला कि जिन लोगों के नाम पर लोन जारी किए गए थे, उनमें से कई की तो पहले ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद कंपनी ने अपने स्तर पर जांच शुरू की, जिसमें बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।
आरोप है कि सीनियर सेल्स ऑफिसर राजकुमार ने ट्रैक्टर लोन के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने करीबियों को लाभ पहुंचाया। इतना ही नहीं, ग्राहकों से वसूली गई ईएमआई की रकम भी कंपनी के खाते में जमा नहीं की गई।
कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और अब थाना सदर बाजार में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।