चित्रकूट के राजापुर क्षेत्र में लखनऊ विधानसभा घेराव के लिए जा रहे आधा सैकड़ा से अधिक ग्राम प्रधानों को पुलिस ने रोक दिया। कौशांबी-चित्रकूट बॉर्डर स्थित यमुना पुल पर रोके जाने के बाद प्रधानों ने सड़क पर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष सुनील शुक्ला के नेतृत्व में ग्राम प्रधान लखनऊ विधानसभा घेराव के लिए रवाना हुए थे। लेकिन पुलिस ने यमुना पुल पर उन्हें रोक दिया।
रोकने के बाद मौके पर माहौल गरमा गया और प्रधानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
सूचना पर सीओ राजापुर राजकमल, थाना प्रभारी अनिल गुप्ता और रैपुरा थानाध्यक्ष राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रधानों की मांग है कि पंचायत चुनाव होने तक वर्तमान प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए और पंचायत संचालन का अधिकार प्रधानों के पास ही रखा जाए। उन्होंने सरकार पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
करीब एक घंटे चले हंगामे के बाद सभी प्रधानों को राजापुर थाने ले जाया गया, जहां बाद में वार्ता के बाद उन्हें वापस भेज दिया गया।