ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर हुई दीपिका नागर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सास पूनम और चाचा ससुर विनोद को गिरफ्तार कर लिया है।
इससे पहले पुलिस ने पति रितिक और ससुर मनोज को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले में इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष द्वारा फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी, जिसके चलते यह घटना हुई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर कई गंभीर चोटों और गहरे घावों की पुष्टि हुई है, जिससे मामले को हत्या के रूप में देखा जा रहा है। रिपोर्ट में चेहरे, हाथ, पैर, घुटने और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटों का उल्लेख है, जो हिंसा की ओर संकेत करते हैं।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को गंभीरता से देखा जा रहा है।