वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित ठाकुर श्री राधा मदन गोपाल मंदिर में पुरुषोत्तम मास महामहोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने मंगल कलश यात्रा निकालकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। महोत्सव के दौरान महीने भर विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
परिक्रमा मार्ग स्थित ठाकुर श्री राधा मदन गोपाल मंदिर में पुरुषोत्तम मास महामहोत्सव का शुभारंभ बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। महोत्सव के पहले दिन सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा के दौरान पूरा परिक्रमा मार्ग भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर के आचार्य राजेश किशोर गोस्वामी महाराज ने बताया कि यह धार्मिक महोत्सव पूरे एक माह तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार, छप्पन भोग, अखंड हरिनाम संकीर्तन, श्रीमद्भागवत कथा एवं विशेष नौका विहार लीला का आयोजन किया जाएगा।
आचार्य ने बताया कि जब सूर्य संक्रांति नहीं होती, तब मलमास का योग बनता है। चूंकि इस मास के स्वामी स्वयं भगवान श्रीहरि हैं, इसलिए इसे सर्वश्रेष्ठ पुरुषोत्तम मास कहा जाता है। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास में किए गए जप, तप, दान और भक्ति का विशेष पुण्य प्राप्त होता है।
महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और दूर-दराज से भक्त वृंदावन पहुंच रहे हैं।