पलवल — होड़ल की अपराध जांच शाखा पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अब आरोपी को अदालत में पेश करते गहन पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयोग किए देसी कट्टा और बाइक को भी बरामद किया जाएगा।
होडल की अपराध जांच शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मानपुर गांव निवासी बिजेंद्र ने मुंडकटी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उसने प्लाट पर आरओ लगाया हुआ है। 30 अप्रैल की रात्रि 11 बजे वह अपने आरो प्लांट पर पानी भर रहा था। उसी दौरान बाइक पर सवार होकर गांव के ही रहने वाले रतना के बेटे ललित व कृष्ण आए और आते ही ललित ने अपने हाथों में लिए हुए देसी कट्टे से उसे जान से मारने की नियत से सीधी गोली चला दी। गोली उसके पेट पर लगी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद दोनों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। तो उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर उसका भतीजा मौके पर पहुंच गया। जिसे आता देख दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। जिसके बाद उसके परिजन भी मौके पर आ गए और उसे उपचार के लिए होड़ल के अस्पताल ले गए। जहां उसका उपचार किया गया। शिकायत में पीड़ित का कहना था कि आरोपियों से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। शिकायत के आधार पर मुंडकटी थाने में दोनों नामजद भाइयों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। अब इस मामले में होड़ल की अपराध जांच शाखा पुलिस ने मुख्य आरोपी ललित उर्फ दिनेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश करके गहन पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई देसी कट्टा और बाइक को भी बरामद किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपी का भाई पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा है। जिसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।