Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 28 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
बरसाना हादसे में जिंदगी की जंग लड़ रहे सगे भाई-बहन, इलाज के लिए तरस रहा गरीब परिवार; समाजसेवी तरुण शर्मा बने मसीहा

बरसाना में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन ली हैं। छह दिन पहले हुए इस हादसे में सगे भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मासूम अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं, वहीं बच्चों के माता-पिता के सामने उनके इलाज का खर्च जुटाना बड़ी चुनौती बन गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी कमजोर है कि महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों भाई-बहन बरसाना से तरौली जाने के लिए टेंपो स्टैंड पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। घायल भाई की दोनों टांगों में फ्रैक्चर है और उसका इलाज छटीकरा स्थित पारसमणि अस्पताल में चल रहा है। वहीं, बहन की हालत गंभीर होने के चलते उसे भरतपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है।

बच्चों के माता-पिता बरसाना में फूल-माला बेचकर और भजन-कीर्तन करके किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में एक साथ दोनों बच्चों के इलाज का भारी खर्च उठाना उनके लिए लगभग असंभव हो गया है। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता अपने बच्चों को स्वस्थ देखने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।

इस मुश्किल घड़ी में समाजसेवी तरुण शर्मा ने मानवता की मिसाल पेश की है। परिवार की आर्थिक स्थिति और बच्चों की गंभीर हालत की जानकारी मिलने पर तरुण शर्मा मदद के लिए आगे आए। उन्होंने बच्चों के इलाज की जिम्मेदारी उठाने का भरोसा दिया। इतना ही नहीं, वह खुद अस्पताल में भोजन लेकर पहुंचे और भूखे-प्यासे माता-पिता व घायल बच्चों को खाना खिलाया। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।

समाजसेवी तरुण शर्मा ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है और माता-पिता फूल-माला बेचकर अपना गुजारा करते हैं। दोनों बच्चों की हालत गंभीर है और इलाज में काफी खर्च आ रहा है। उन्होंने अपनी ओर से पूरी मदद करने की बात कही। साथ ही समाजसेवियों और आम लोगों से अपील की कि इन मासूमों की जिंदगी बचाने के लिए सभी लोग आगे आएं और परिवार की मदद करें।

एक ओर अज्ञात वाहन की टक्कर ने दो मासूमों को अस्पताल पहुंचा दिया, तो दूसरी ओर तरुण शर्मा की मदद ने संकट में घिरे परिवार को उम्मीद की किरण दिखाई है। अब जरूरत है कि समाज के अन्य लोग भी आगे आएं, ताकि इन दोनों मासूमों को बेहतर इलाज मिल सके और वे जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौट सकें।

Previous News

परखम गऊ ग्राम में गौ-संवर्धन के नए युग का सूत्रपात, शिवराज-धामी ने किया लोकार्पण व शिलान्यास

Next News

बरसाना पुलिस की कार्रवाई, अवैध पौनिया और दो जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार