Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 28 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा जंक्शन पर ट्रेन में सवार होते ही बिगड़ी श्रद्धालु की तबीयत,

मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन में सवार होते समय एक बुजुर्ग श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। ब्रजभूमि के मंदिरों और धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं का एक ग्रुप गोरखपुर जाने के लिए मथुरा जंक्शन पहुंचा था। ग्रुप में शामिल 68 वर्षीय जितेंद्र अमृतलाल पांडया अपनी पत्नी भावना पांडया और बेटे प्रशांत पांडया के साथ प्लेटफॉर्म नंबर 9 पर छपरा एक्सप्रेस में सवार हो रहे थे। इसी दौरान ट्रेन में चढ़ते ही अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ते देख पत्नी और बेटा घबरा गए और मदद के लिए लोगों से गुहार लगाने लगे।

रात करीब 12 बजे परिजनों और प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ जवान केशव सिंह ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि मुंबई से करीब एक दर्जन लोगों का ग्रुप पिछले दिनों ब्रज दर्शन के लिए आया था। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु गोरखपुर जाने के लिए मथुरा जंक्शन पहुंचे थे, लेकिन यात्रा शुरू होने से पहले ही परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि छपरा एक्सप्रेस में सवार होते समय बुजुर्ग को दिल का दौरा पड़ा था, जिसके चलते उनकी मौत हो गई।

Previous News

नवनियुक्त एसपी अमित श्रीवास्तव ने संभाली कमान, पुलिस लाइन गोपेश्वर का किया औचक निरीक्षण

Next News

मथुरा के बाल वैज्ञानिकों ने दिखाया हुनर, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित टीम अब नोएडा में करेगी प्रतिभाग