Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 28 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
लंदन की ब्रिटिश संसद में गूंजा ब्रज का नाम, डॉ. कमलकांत उपमन्यु और बेटे रौनक उपमन्यु हुए सम्मानित

ब्रजभूमि मथुरा के लिए गौरव का क्षण है। ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं एनयूजेआई के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु एडवोकेट और उनके बेटे रौनक उपमन्यु एडवोकेट को लंदन की प्रतिष्ठित ब्रिटिश संसद के हाउस ऑफ कॉमन्स स्थित चर्चिल हॉल में आयोजित भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। दोनों को 27 नवंबर 2026 को आयोजित ‘ग्लोबल इनोवेशन एंड लीडरशिप समिट 2026’ के दौरान स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

ज़ी मीडिया कॉर्पोरेशन की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में भारत और ब्रिटेन के बीच संस्थागत, सामाजिक और प्रवासी संबंधों को मजबूती देने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में ब्रिटेन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स की सदस्य बैरोनेस संदीप वर्मा, सांसद गगन मोहिंद्रा, ईलिंग साउथॉल के पूर्व सांसद वीरेंद्र शर्मा, अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक गुरु अखंड स्वामी जी महाराज सहित कई प्रतिष्ठित अतिथि मौजूद रहे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए भारतीय प्रतिभागियों और उद्यमियों को उनके उत्कृष्ट कार्य, नवाचार, आर्थिक विकास तथा सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

डॉ. कमलकांत उपमन्यु के बेटे रौनक उपमन्यु भी अपनी अलग पहचान रखते हैं। वह नेशनल डिबेटर हैं और क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन में एलएलएम के विद्यार्थी हैं। इस उपलब्धि पर डॉ. कमलकांत उपमन्यु ने कहा कि लंदन में उनका और उनके बेटे का सम्मान केवल उनके परिवार का सम्मान नहीं, बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र और ब्रजवासियों का सम्मान है।

ब्रिटिश संसद के प्रतिष्ठित मंच पर पिता-पुत्र को मिले इस सम्मान से मथुरा और ब्रज क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। यह उपलब्धि ब्रज की प्रतिभा और पहचान को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने वाला गौरवपूर्ण अवसर बन गई है।

Previous News

वृन्दावन में पति के बारे में पूछने पर महिला पर धारदार हथियार से हमला, गंभीर रूप से घायल

Next News

नवनियुक्त एसपी अमित श्रीवास्तव ने संभाली कमान, पुलिस लाइन गोपेश्वर का किया औचक निरीक्षण