Please wait we are preparing awesome things...

Saturday, 28 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
गोवर्धन के होटल में ठहरे यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका

मथुरा के गोवर्धन में एक होटल के कमरे में ठहरे यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। यात्री के कमरे में अचेत अवस्था में मिलने से होटल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।

दरअसल, शनिवार सुबह गोवर्धन बस स्टैंड के समीप स्थित एक होटल में कर्मचारी यात्रियों को चेकआउट की सूचना देने पहुंचे थे। इसी दौरान एक कमरे का दरवाजा खटखटाने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शक होने पर होटल के अन्य कर्मचारियों ने कमरे में जाकर देखा तो एक यात्री अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था।

होटल कर्मचारी मोहन स्वरूप के मुताबिक, कमरे में ठहरा यात्री नरेंद्र सिंह पुत्र दयाराम, निवासी किशनगढ़, अलवर राजस्थान का रहने वाला था। कर्मचारी ने बताया कि कमरे में नशीले पदार्थ के खाली खोखे भी मिले थे। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक ने किसी विषाक्त अथवा नशीले पदार्थ का सेवन किया होगा। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। होटल कर्मचारी के अनुसार मृतक के आधार कार्ड पर दर्ज पते के माध्यम से उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Previous News

मथुरा में रामलीला मैदान का होगा कायाकल्प, सौंदर्यीकरण के लिए हुआ भव्य भूमि पूजन

Next News

सेंट डोमिनिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, ‘सीमाओं से परे सपने’ थीम ने मोहा मन