मथुरा के गांव छौली में बच्चों की सुरक्षा के लिए उठाया गया एक कदम विवाद की वजह बन गया। खड़ंजे की ईंटें ऊंची करने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि 24 नवंबर को चंद्रपाल और उसके परिजनों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर सर्वेश कुमार का सिर फोड़ दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बावजूद पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
घायल सर्वेश कुमार के मुताबिक, उनके घर के सामने से अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते थे, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना रहता था। उनका दावा है कि पहले भी कई बच्चे वाहनों की चपेट में आकर घायल हो चुके थे। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने खड़ंजे पर ईंटें ऊंची कराई थीं।
सर्वेश का आरोप है कि इसी बात को लेकर चंद्रपाल ने पहले गाली-गलौज की और फिर धर्मेंद्र, अभिषेक, अजीत तथा कार्तिक को बुलाकर उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके नाती प्रमोद के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया है। पत्नी मेनिका, जितेंद्र और ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर प्रधान परिवार से जुड़े हैं, इसी वजह से पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है। न्याय की मांग को लेकर डरा-सहमा परिवार बसपा प्रतिनिधिमंडल के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग उठाई।
वहीं, बसपा जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
अब सवाल यह है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए खड़ंजा ऊंचा करने से शुरू हुआ विवाद आखिर खूनी संघर्ष तक कैसे पहुंचा? पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलेगा और पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है?