Please wait we are preparing awesome things...

Thursday, 26 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
मथुरा की ब्रज लक्ष्मी धाम कॉलोनी में हादसों का खतरा टूटी सड़कें, जलभराव और लटकते बिजली के तारों से परेशान लोग

मथुरा शहर के वार्ड संख्या 48 के सतौहा-असगरपुर स्थित ब्रज लक्ष्मी धाम कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी है। शहर के कई इलाकों में विकास कार्यों के दावों के बीच इस कॉलोनी के लोग टूटी सड़कों, खराब नालियों, जलभराव और जर्जर बिजली के तारों की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

कॉलोनीवासियों के अनुसार, क्षेत्र की सड़कें बेहद जर्जर हालत में हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। स्थानीय निवासियों ने दावा किया कि सड़क की बदहाली के चलते साइकिल से गड्ढे में गिरने के कारण एक मासूम बच्चे की जान चली गई। वहीं, टूटी सड़क पर जलभराव के दौरान पैर फंसने से एक बुजुर्ग की भी मृत्यु होने की बात कही गई है। इन घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता और आक्रोश है।

सड़क के साथ-साथ कॉलोनी की नालियों की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। नालियों का पानी सड़कों पर जमा रहने से राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश या जलभराव की स्थिति में लोगों के लिए सड़क से निकलना और भी मुश्किल हो जाता है।

वहीं, कॉलोनी में जगह-जगह लटकते और जर्जर बिजली के तार भी हादसों को न्योता दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन तारों के कारण कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया जा रहा है।

कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री पोर्टल सहित विभिन्न माध्यमों पर खुद शिकायतें दर्ज करानी पड़ रही हैं। लोगों ने स्थानीय पार्षद लक्ष्मण सैनी की जवाबदेही पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जब जनता को अपनी मूलभूत समस्याओं के लिए खुद ही लगातार शिकायत करनी पड़ रही है, तो जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी क्या है?

ब्रज लक्ष्मी धाम कॉलोनी के निवासी कपिल अग्रवाल, माधव अग्रवाल, गौरव सिंह, अमर सिंह, मनीष गोला, ओमबीर, सुमन शर्मा, दीक्षा अग्रवाल, रजनी अग्रवाल और राधा देवी सहित अन्य लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लेने की मांग की है। निवासियों ने टूटी सड़कों की मरम्मत, नालियों की उचित व्यवस्था और जर्जर बिजली के तारों को दुरुस्त कराने की मांग उठाई है।

Previous News

संविधान दिवस पर मथुरा पुलिस ने किया उद्देशिका का सामूहिक वाचन, निष्पक्ष और संवेदनशील पुलिसिंग का लिया संकल्प

Next News

काशी में देव दीपावली की दिव्यता में डूबे गुरु शरणानंद महाराज गंगा घाटों पर किया दीपदान, लाखों दीपों से जगमगाई बाबा विश्वनाथ की नगरी