मथुरा। आधुनिक तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और Salesforce का समन्वय उद्योग जगत में नए बदलाव ला रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के बीसीए विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कोड्लियो कंसल्टिंग में Salesforce डेवलपर के रूप में कार्यरत विशेषज्ञ विवेक तोमर ने विद्यार्थियों को AI और Salesforce तकनीक की उपयोगिता, आधुनिक कार्यप्रणाली और रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
बीसीए तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विवेक तोमर ने बताया कि आज कंपनियां ग्राहक संबंध प्रबंधन, आंकड़ों के विश्लेषण, नियमित कार्यों को स्वचालित बनाने और बेहतर व्यावसायिक निर्णय लेने के लिए AI आधारित तकनीकों का तेजी से इस्तेमाल कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि AI और Salesforce का संयुक्त उपयोग कंपनियों के काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव ला रहा है। ऐसे में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उन युवाओं की मांग बढ़ रही है, जिन्हें इन आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान हो।
विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि तकनीकी प्रमाण-पत्र हासिल करने, प्रोजेक्ट आधारित अध्ययन और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों को लगातार सीखने और अपने कौशल को विकसित करने वाले युवाओं के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का सैद्धांतिक ज्ञान देने के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना भी आवश्यक है। ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यान विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक जरूरतों से परिचित कराते हैं।
वहीं संस्थान के चेयरमैन डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने कहा कि बदलते तकनीकी दौर में युवाओं को AI, ग्राहक संबंध प्रबंधन और अन्य उभरती तकनीकों में दक्षता हासिल करनी चाहिए, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना कर बेहतर करियर बना सकें।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों की उपयोगिता समझने और भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर तलाशने की नई दिशा मिली।