उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में स्थित एक मैरिज होम में शादी के जश्न के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और मेहमानों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में दूल्हा-दुल्हन के स्वागत के लिए मैरिज होम के मुख्य प्रवेश द्वार (एंट्री गेट) को बेहद भव्य तरीके से सजाया गया था। एंट्री के समय वहां आतिशबाजी और पटाखे चलाए जा रहे थे। इसी दौरान पटाखों से निकली चिंगारी से सजावटी कपड़े और फोम के बने गेट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गेट को अपनी चपेट में ले लिया और विकराल लपटें उठने लगीं।
गेट पर आग की ऊंची लपटें देखकर शादी में आए मेहमानों में दहशत फैल गई और वे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि इस अग्निकांड में किसी व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। लोगों ने समय रहते सुरक्षित दूरी बना ली।
इस हादसे में मैरिज होम का स्वागत द्वार पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों और आतिशबाजी की लापरवाही को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।