मथुरा जनपद की धार्मिक नगरी गोवर्धन में बजरंगबली का एक प्राचीन मंदिर इन दिनों श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। राधाकुंड परिक्रमा मार्ग स्थित इस हनुमान मंदिर में विराजमान बजरंगबली की प्रतिमा को लेकर एक अनोखी मान्यता प्रचलित है। बताया जाता है कि साल में एक बार हनुमान जी की प्रतिमा का रंग धीरे-धीरे काला पड़ने लगता है और नवंबर माह के अंत से दिसंबर की शुरुआत तक प्रतिमा फिर अपने पुराने स्वरूप में दिखाई देने लगती है।
मंदिर के पुजारी संत नारायण दास के अनुसार, प्रतिमा के रंग बदलने का यह क्रम कई वर्षों से लगातार चला आ रहा है। खास बात यह है कि प्रतिमा पर किसी प्रकार का रंग-रोगन या विशेष लेप किए बिना ही उसका रंग वापस पहले जैसा हो जाता है। श्रद्धालु इसे बजरंगबली की अद्भुत लीला और चमत्कार मानते हैं।
मंदिर में प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भक्त बजरंगबली को सिंदूर, चमेली का तेल, बूंदी के लड्डू और पान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। प्रतिमा के पुराने स्वरूप में लौटने पर विशेष पूजा-अर्चना, सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन भी किया जाता है।
आखिर क्या है प्रतिमा के रंग बदलने का रहस्य? यह सवाल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।