आगरा के नमक की मंडी स्थित सराफा बाजार में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने जयशिव प्लाजा की तीन सराफा गद्दियों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के दौरान एक दमकलकर्मी भी घायल हो गया।
आगरा के कोतवाली क्षेत्र स्थित नमक की मंडी के जयशिव प्लाजा में अचानक लगी आग ने सराफा कारोबारियों में अफरा-तफरी मचा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तीन सराफा गद्दियां इसकी चपेट में आ गईं।
आग इतनी भीषण थी कि एक गद्दी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि दो अन्य गद्दियों में भी भारी नुकसान हुआ। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
इस दौरान आग बुझाते समय एक फायरकर्मी भी घायल हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।