Please wait we are preparing awesome things...

Monday, 16 Nov 2026
ई-पेपर संस्करण
www.abhinews.co.in
उत्तर प्रदेश संस्करण
PAGE - 01
उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व का समापन, यमुना के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

लोक आस्था, तपस्या और सूर्य उपासना का महापर्व छठ... चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ विधि-विधान से समापन हो गया। धर्मनगरी मथुरा में छठ महापर्व के अंतिम दिन सुबह से ही यमुना के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने यमुना में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की।

मथुरा के यमुना घाटों पर सुबह से ही भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सिर पर पूजा की टोकरी, हाथों में फल और प्रसाद लिए श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सूर्य देव की उपासना की गई। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रतियों ने कठिन नियमों और संयम का पालन करते हुए छठी मैया की आराधना की।

धार्मिक मान्यता के अनुसार छठ महापर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा का विशेष महत्व है। यह पर्व प्रकृति के प्रति आभार, पवित्रता, संयम और अटूट लोक आस्था का प्रतीक माना जाता है। इस पर्व की खास परंपरा है कि श्रद्धालु डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए शासन-प्रशासन की ओर से यमुना के घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पुलिस बल की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आयोजन को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।

इसी क्रम में मथुरा की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने भी अपने परिवार के साथ बंगाली घाट पर छठ महापर्व मनाया और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए सभी को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं और घाटों पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी साझा की।

आस्था, विश्वास और समर्पण के इस महापर्व ने एक बार फिर मथुरा के यमुना घाटों को भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही श्रद्धालुओं ने अपने व्रत का पारण किया और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Previous News

रिफाइनरी पुलिस ने वांछित आरोपी बसंत को किया गिरफ्तार, 2016 के पॉक्सो एक्ट समेत चार मुकदमों का रिकॉर्ड आया सामने

Next News

रिफाइनरी नगर में धूमधाम से मनाया लोक आस्था का छठ महापर्व, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया व्रत का पारण