मथुरा के धर्मनगरी वृंदावन से दबंगई का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वृंदावन मल्टीलेवल पार्किंग के समीप कार चालक और बाइक सवारों के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग सड़क किनारे कार चालक के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मल्टीलेवल पार्किंग के पास कार चालक और बाइक सवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवारों ने विवाद के दौरान पार्किंग की बैरिकेडिंग उठाकर कार चालक के साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच दो बार झगड़ा हुआ, जिसके बाद मामला और बढ़ गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक महिला लगातार कार चालक को बचाने का प्रयास करती रही, लेकिन मारपीट करने वाले लोग नहीं माने। वायरल वीडियो में सड़क किनारे लोगों की भीड़ और मारपीट का घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धार्मिक नगरी वृंदावन में मल्टीलेवल पार्किंग जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर सार्वजनिक स्थान पर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले इन लोगों के खिलाफ पुलिस क्या कार्रवाई करती है?