कोतवाली इंस्पेक्टर अजय कौशल के नेतृत्व में कृष्णा नगर, सौंख रोड समेत कई इलाकों में निकाला गया फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
मथुरा। जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के उद्देश्य से मथुरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
कोतवाली इंस्पेक्टर अजय कौशल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कृष्णा नगर, सौंख रोड समेत शहर के कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस बल ने सड़कों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और लोगों को कानून व्यवस्था के प्रति पुलिस की सक्रियता का संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान कृष्णा नगर चौकी प्रभारी संजीव कुमार समेत थाने के समस्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग भी की। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों का उद्देश्य स्पष्ट है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए और शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे। मथुरा पुलिस की इस सक्रियता से असामाजिक तत्वों में सख्त संदेश देने के साथ आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने का प्रयास किया गया।