राजस्थान के कोटा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां अस्पताल में अपनी बीमार सास को देखने पहुंचे 39 वर्षीय सर्राफा कारोबारी मौलिक जैन की उनके ही साले ने चाकू मारकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि आरोपी को शक था कि उसके पिता अपने दामाद यानी मौलिक जैन को आर्थिक मदद देते हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, मौलिक जैन गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अपनी पत्नी के साथ कोटा के एक अस्पताल में भर्ती अपनी सास को देखने पहुंचे थे। अस्पताल की दूसरी मंजिल पर ICU के बाहर उनका सामना अपने साले कपिल जैन से हो गया। दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
आरोप है कि कपिल ने चाकू निकालकर अपने जीजा मौलिक के सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण मौलिक की मौत हो गई। पति को बचाने के लिए पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने अपनी बहन पर भी चाकू से हमला कर दिया। महिला को मामूली चोटें आईं।
पहले भी हो चुका था विवाद
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच पैसों को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। अगस्त में भी आरोपी ने मौलिक को फोन पर धमकी दी थी और उनके घर पहुंचकर हंगामा किया था। उस समय पुलिस ने उसे शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। करीब एक महीने पहले परिवार के लोगों ने दोनों के बीच समझौता भी कराया था, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कपिल जैन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इस वारदात ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ICU के बाहर चाकू से हमला होने और CCTV कैमरों के बंद होने की बात भी सामने आई है।
मौलिक जैन की दो छोटी बेटियां हैं। पिता की हत्या के बाद दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है।