उत्तराखंड के हरिद्वार में 24 नवंबर को सितारों का जमावड़ा लगने जा रहा है। बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर मीका सिंह, बी प्राक, हरियाणवी गायक मासूम शर्मा और बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा एक साथ हरिद्वार पहुंचेंगे। इन सभी के कार्यक्रम में शामिल होने की खबर सामने आने के बाद चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, खानपुर विधायक उमेश कुमार की ओर से 24 नवंबर को हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र स्थित पीपली गांव में 251 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम में मीका सिंह, बी प्राक, मासूम शर्मा और शेरा शामिल होंगे।
खास बात यह है कि सभी मेहमान इस दौरान हरिद्वार में मां गंगा के दर्शन और गंगा स्नान भी करेंगे। इनके आगमन के लिए विशेष हेलिकॉप्टर की व्यवस्था किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
इस कार्यक्रम को लेकर एक और चर्चा इसलिए तेज है क्योंकि उत्तराखंड में हाल ही में सिंगर दलेर मेहंदी और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच एक कार्यक्रम के दौरान विवाद हुआ था। इसके बाद दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह का उत्तराखंड दौरा भी सुर्खियों में आ गया है।
अब देखना होगा कि 24 नवंबर को होने वाले इस सामूहिक विवाह समारोह में ये सभी सितारे किस अंदाज में शिरकत करते हैं और कार्यक्रम में क्या खास देखने को मिलता है।
कार्यक्रम की तारीख: 24 नवंबर 2026
स्थान: पीपली गांव, लक्सर, हरिद्वार
आयोजन: 251 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह