धर्मनगरी मथुरा में शुक्रवार की सुबह उस समय हलचल मच गई, जब आयकर विभाग की कई टीमों ने एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। इनकम टैक्स विभाग की 10 से अधिक टीमों ने मथुरा और वृंदावन में प्रतिष्ठित बिल्डर और होटल कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। इस कार्रवाई में नोएडा, गाजियाबाद और आगरा के आयकर विभाग के अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई के लंबे समय तक चलने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे आयकर विभाग की टीम धौलीप्याऊ क्षेत्र स्थित गुरु कृपा बिल्डर के प्रतिष्ठानों पर पहुंची। यहां शंकर अग्रवाल से जुड़े अलग-अलग होटल और निर्माण परियोजनाओं पर टीम ने दस्तावेजों की जांच शुरू की। अधिकारियों द्वारा वित्तीय रिकॉर्ड, आय के स्रोत और कारोबार से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि इस बड़ी कार्रवाई के लिए करीब 50 गाड़ियों से आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अलग-अलग स्थानों पर पहुंचे। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी क्षेत्रों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
आयकर विभाग की टीमें केवल मथुरा तक ही सीमित नहीं रहीं, बल्कि वृंदावन में भी अलग-अलग स्थानों पर जांच के लिए पहुंचीं। जानकारी के अनुसार, टीम रमण रेती क्षेत्र स्थित आनंद वन इलाके में भी पहुंची और वहां जांच-पड़ताल करते हुए आवश्यक जानकारियां जुटाईं।
इसके अलावा छटीकरा रोड स्थित एक नामचीन होटल पर भी आयकर विभाग की टीम पहुंची। यहां अधिकारियों ने दस्तावेजों और कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
मथुरा में आयकर विभाग की इस व्यापक कार्रवाई को लेकर दिनभर चर्चाएं बनी रहीं। नोएडा, गाजियाबाद और आगरा से पहुंची टीमों द्वारा अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ जांच की जा रही है। फिलहाल विभाग की ओर से छापेमारी के कारणों, जांच में सामने आए तथ्यों और किसी संभावित अनियमितता को लेकर आधिकारिक विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आयकर विभाग की इस कार्रवाई में जांच के दौरान क्या-क्या सामने आता है और किन वित्तीय दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल अधिकारियों की जांच जारी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।